खरसिया क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते कुछ दिनों में चोरों ने अलग-अलग स्थानों से ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिलों को पार कर पुलिस को चुनौती दे दी है। पहला मामला हमालपारा वार्ड क्रमांक 01 का है, जहां सौरभ अग्रवाल नामक व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी महिन्द्रा ट्रैक्टर 245 NBP (रजिस्ट्रेशन CG13 D 1197) को अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में चुरा लिया। ट्रैक्टर की कीमत लगभग दो लाख रुपए बताई गई है। प्रार्थी ने बताया कि वह ठेकेदारी का कार्य करता है और यह ट्रैक्टर उसके मित्र अजय भारती का था, जिसे वह वर्षों से उपयोग में ले रहा था। सुबह उठने पर ट्रैक्टर के गायब होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास खोजबीन और पूछताछ करने पर भी ट्रैक्टर का कोई सुराग नहीं मिला।
दो दिन में दो मोटरसाइकिलें गायब, पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज
दूसरी चोरी पुरानी बस्ती बायपास रोड खरसिया की है, जहां एक किसान की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन CG13 AE 1655) दिनदहाड़े चोरी हो गई। प्रार्थी ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल सुबह घर के बगल में खड़ी की थी, लेकिन दोपहर को सब्जी मंडी जाने के लिए निकला तो वाहन गायब था। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की है। वहीं तीसरा मामला ग्राम खोरसीपाली बोतल्दा का है, जहां एक कार मैकेनिक ने बताया कि वह अपने पिता को रेल्वे स्टेशन से लेने गया था और पुल के नीचे अपनी हीरो मोटरसाइकिल (CG13 AJ 0685) लॉक लगाकर खड़ी की थी। मात्र आधे घंटे बाद लौटने पर वाहन गायब मिला।
पुलिस ने दर्ज किए तीन प्रकरण, बढ़ती वारदातों से लोगों में दहशत
इन तीनों मामलों में पुलिस चौकी खरसिया ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। लगातार हो रही इन वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासी रात में अपने वाहनों को लेकर चिंतित हैं और पुलिस प्रशासन से सक्रिय गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि घटनाओं की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से चोरों की तलाश कर रही है।


