रायगढ़। ग्राम पंचायत कुंजेमुरा में नल-जल योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि गांव की सरपंच के साथ मारपीट की नौबत आ गई। इस संबंध में सरपंच ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार रविवार को पाइपलाइन का काम सनीम खेस और सुमित किशोर के घर के पास चल रहा था, जहां दोनों नया मकान निर्माण करा रहे थे। सरपंच ने उन्हें समझाया कि पाइपलाइन से थोड़ी जगह छोड़कर दीवार बनाएं ताकि भविष्य में मरम्मत कार्य में दिक्कत न हो। इस बात पर दोनों भाई नाराज हो गए और विवाद करने लगे।

पीछे से आकर की गाली-गलौज और मारपीट

सरपंच ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि जब वह घर लौट रही थीं, तभी दोनों आरोपी पीछे से आए और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उन्होंने हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे सरपंच के दाहिने हाथ की कलाई और पीठ में चोटें आईं। इस घटना को ग्रामीण प्रकाश खेस, प्रदीप खेस और प्रताप खेस ने देखा और बीच-बचाव किया। सरपंच ने कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने और दबाव बनाने के उद्देश्य से ऐसा किया गया है।

पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की

सरपंच की लिखित शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गांव में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने सरपंच के साथ हुई मारपीट की निंदा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *