छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास और लालच का अजीब मामला सामने आया है, जहां महाराष्ट्र की एक महिला ने तंत्र-मंत्र से रकम को दस गुना करने का झांसा देकर चार लोगों से 5 लाख 22 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठग महिला ने खुद को तांत्रिक बताते हुए कहा कि वह विशेष पूजा-पाठ के जरिए रखे गए पैसों को कई गुना बढ़ा देती है। बालोद के ग्राम विजोरा निवासी जालम चंद जैन को ग्राम कोचेरा के मुकुंद साहू ने महिला मंदा पासवान से मिलवाया, जिसने दावा किया कि वह केवल पूजा के माध्यम से लोगों की किस्मत बदल देती है। इस लालच में जालम ने अपने दोस्तों रघुनाथ सागर, मुकुंद साहू और संत साहू को भी शामिल किया। 8 अगस्त को सभी आरोपी महिला को राजनांदगांव से लेकर बालोद पहुंचे, जहां महिला ने ईंट भट्ठा के पास पूजा करने की तैयारी शुरू की और दो घड़े मंगवाए। उसने कहा कि इसमें पैसे रखे जाएंगे और तंत्र-मंत्र के माध्यम से वही रकम दस गुना होकर वापस मिलेगी।
घड़े में रखवाए लाखों रुपये, नींबू लेने भेजा और फरार हो गई महिला
महिला के कहने पर जालम चंद जैन ने ढाई लाख रुपये, मुकुंद साहू ने 80 हजार, रघुनाथ सागर ने 1 लाख और संत साहू ने 92 हजार रुपये उन घड़ों में रख दिए। महिला ने पूरी श्रद्धा के साथ पूजा का नाटक रचा और फिर बोली कि अंतिम अनुष्ठान बालोद कचहरी चौक में होगा। उसने रघुनाथ सागर को बाइक पर साथ लिया और वहां पहुंचकर उससे कहा कि वह नींबू लेकर आए, तब तक वह पूजा की तैयारी करती है। रघुनाथ जब नींबू लेकर लौटा, तो तांत्रिक महिला और दोनों घड़े गायब थे। कुछ देर बाद जब बाकी साथी वहां पहुंचे तो उन्हें भी कहीं महिला का पता नहीं चला। सभी ने आसपास तलाश की, लेकिन ठग महिला का कोई सुराग नहीं मिला।
ठगी का एहसास होते ही दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस तलाश में जुटी
चारों पीड़ितों को जब ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने बालोद सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के मारेगांव की निवासी मंदा पासवान के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला पहले भी अलग-अलग राज्यों में इसी तरह के अंधविश्वासी तरीकों से लोगों को ठग चुकी है। फिलहाल पुलिस महिला की तलाश में जुटी है और आरोपियों के अन्य साथियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तंत्र-मंत्र या चमत्कार के झांसे में न आएं और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत दें।


