एक कोटवार के साथ दो अज्ञात युवकों ने दिनदहाड़े झपटामारी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि वह ग्राम कोटवारी का कार्य करता है और 3 नवंबर 2025 को अपने गांव के मदनलाल भगत के साथ मोटरसाइकिल (क्रमांक CG13 AE 0522) से अपेक्स बैंक लैलूंगा पहुंचा था। वहाँ से अपने खाते क्रमांक 10********** से 70,000 रुपये की नकदी निकाली और रकम को कपड़े के थैले में पासबुक, आधार कार्ड, ज़मीन का पट्टा, मंडी के दस्तावेज़ सहित रख लिया। बैंक से निकलने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से मुकडेगा की ओर लौट रहे थे।

🚨 संतोष सतपथी के घर के पास हुई झपटामारी, भाग निकले लुटेरे

दोपहर करीब डेढ़ बजे जब दोनों कोतबा बाईपास रोड स्थित संतोष सतपथी के घर के पास पहुँचे, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक आए। चालक ने हेलमेट पहन रखा था जबकि पीछे बैठे युवक ने चेहरा कपड़े से ढका था। उन्होंने चलते वाहन से पीछे बैठे पीड़ित के हाथ से थैला झपट लिया और तेज़ी से कोतबा रोड की ओर भाग निकले। पीड़ित और उसके साथी ने तत्काल पीछा किया, मगर आरोपी फरार हो गए। पीछा करते हुए बूढ़ीकूटेन के पास थैला और दस्तावेज़ तो मिल गए, लेकिन उसमें रखी नकदी गायब थी।

👮 पुलिस में रिपोर्ट दर्ज, पतासाजी जारी

पीड़ित ने कई प्रयासों के बाद जब आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला, तो लैलूंगा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों अज्ञात युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम सक्रिय है। ग्रामीणों में दिनदहाड़े हुई इस वारदात को लेकर दहशत और नाराज़गी दोनों देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *