रायगढ़, 9 नवंबर। घरघोड़ा के पद्मा पेट्रोल पंप के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत के शिकार युवक की पहचान अब हो गई है। मृतक का नाम महेंद्र यादव (32 वर्ष) है, जो ग्राम कुदमुरा (नांदोटोली), थाना नारायणपुर, जिला जशपुर का निवासी था। वह बीते दो वर्षों से सलासर स्टील एंड पावर लिमिटेड, गेरवानी में रोजी-मजदूरी का कार्य कर रहा था। बीती 6 नवंबर को वह अपनी पत्नी के साथ अपने गांव गया हुआ था और 8 नवंबर की शाम काम पर लौटते समय यह हादसा हुआ।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, महेंद्र यादव अपने सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल (CG 14 M 8202) से गेरवानी लौट रहा था। जब वह अमलीडीह स्थित पद्मा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाकर आगे बढ़ा, तभी सामने से आ रहे 22 चक्के पीले रंग के ट्रेलर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई और मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रेलर चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने देर रात घटना की पुष्टि करते हुए सुबह घरघोड़ा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसके आधार पर ट्रेलर और चालक की पहचान की जा रही है।
देखें हादसे का वीडियो
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर घरघोड़ा-गेरवानी मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रेलर और डंपर बिना किसी नियंत्रण के दौड़ते हैं, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसे के दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।


