रायगढ़ शहर में अपराधियों ने पुलिस की नाक के नीचे बड़ी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी गंज इलाके में स्थित दो होलसेल मेडिकल दुकानों—प्रगति इंटरप्राइजेज और प्राची मेडिकोज—के शटर तोड़कर चोर लगभग डेढ़ लाख रुपये उड़ा ले गए। यह घटना एसपी ऑफिस से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों बढ़ गया है। जानकारी के मुताबिक, रविवार रात दुकानदार काम खत्म कर शटर बंद कर घर लौट गए थे। सोमवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो टूटा हुआ शटर और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। चोरी की यह घटना न सिर्फ पुलिस पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी बताती है कि चोरों के हौसले शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में भी कितने बुलंद हैं।
सीसीटीवी फुटेज ने खोल दी पूरी वारदात की परतें
Live CCTV VIDEO
दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने वारदात का सच सामने ला दिया है। रिकॉर्डिंग में तीन चोर स्पष्ट रूप से दिख रहे हैं, जिन्होंने सुबह करीब चार बजे दुकान का शटर तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। फुटेज के अनुसार आरोपियों ने पहले दोनों दुकानों का ताला तोड़ा, फिर गल्ले से नकदी समेटकर तेजी से वहां से फरार हो गए। यही नहीं, आरोपियों ने आसपास की एक-दो दुकानों में भी सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन वहां सफल नहीं हो पाए। इस घटना ने शहर के व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले व्यापारी इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच, गिरफ्तारियों का इंतजार
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए हैं, जिनके आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं। कोतवाली पुलिस का दावा है कि फुटेज में दिख रहे आरोपियों के हुलिये के आधार पर टीम ने खोजबीन तेज कर दी है। इसके बावजूद व्यापारियों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि एसपी ऑफिस के इतने करीब ऐसी वारदात होना सुरक्षा तंत्र पर गंभीर प्रश्नचिन्ह है। व्यापारी संघ ने भी क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर त्वरित सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। अब शहर की निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि वह इस साहसिक चोरी को कितनी जल्दी सुलझाती है।


