चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई ऑनलाइन पहचान एक गंभीर अपराध में बदल गई। FIR के अनुसार, मार्च 2024 में उसकी पहचान जूटमिल थाना क्षेत्र के भाठनपाली निवासी 24 वर्षीय सागर खुंटे से हुई थी। ऑनलाइन बातचीत बढ़ने के बाद 23 दिसंबर 2024 की दोपहर आरोपी उसे रेगड़ा रेलवे पुल के पास से बाइक में बैठाकर अपने घर ले गया। FIR में दर्ज जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने उसे अपने परिजनों से ऐसे मिलवाया जैसे वह उससे विवाह करने वाला हो, जिसके कारण पीड़िता उसी रात वहीं रुक गई। रात में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद FIR में उल्लेख है कि आरोपी कई बार नाबालिग को अन्य स्थानों पर ले जाकर शारीरिक शोषण करता रहा, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। अगस्त 2025 में उसके पेट का आकार बढ़ने पर परिजनों को शक हुआ और पूछताछ में पीड़िता ने पूरा घटनाक्रम बताया।

मां की शिकायत पर मामला दर्ज, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

नाबालिग द्वारा बताए जाने के बाद उसकी मां ने महिला थाना जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर खुंटे को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है कि क्या अपराध में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या जानकारी थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *