34 हाथियों के झुंड ने रात में फसल और मकान तोड़े, ग्रामीणों ने देवी मंदिर में की सुरक्षित रहने की प्रार्थना
रायगढ़ जिले के तमनार रेंज में पिछले कई दिनों से 34 हाथियों का झुंड सक्रिय है, जिसके चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। मंगलवार की रात यह झुंड समारूमा बीट के छेडोरिया गांव पहुंचा, जहां हाथियों ने छह किसानों की धान की फसल, कुछ मकानों और ट्यूबवेल को नुकसान पहुंचाया। वन विभाग के अनुसार, झुंड में 8 नर, 18 मादा और 8 शावक शामिल हैं। अंधेरा होने के कारण ग्रामीण कुछ कर नहीं पाए और हाथी सुबह होने से पहले जंगल की ओर लौट गए। वन कर्मियों ने बताया कि हाथियों की हर मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है और गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
हादसे रोकने सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोकते ग्रामीण और वन विभाग
हाथियों की बढ़ती गतिविधि से चिंतित ग्रामीण मंगलवार को समारूमा जंगल स्थित देवी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर सुरक्षित रहने की प्रार्थना की। ग्रामीणों ने नारियल चढ़ाया, अगरबत्ती जलाई और हाथियों एवं इंसानों दोनों की सुरक्षा की कामना की। इधर, दिन चढ़ने के बाद हाथियों का झुंड जंगल के किनारे पहुंच जाता है और सड़क पर लंबा समय बिताता है। इस दौरान वन विभाग और ग्रामीण संयुक्त रूप से सड़क पर वाहनों को रोक देते हैं, ताकि हाथियों के बीच से कोई न निकल सके और कोई बड़ा हादसा टल सके। फिलहाल हाथियों के झुंड की निगरानी बढ़ा दी गई है और विभाग लगातार प्रभावित गांवों के लोगों को अलर्ट कर रहा है।


