घरघोड़ा हाई स्कूल के सामने मुख्य सड़क पर बुधवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक केम्पर वाहन में सवार चार युवक नशे की हालत में तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ा रहे थे। अचानक वाहन ने सड़क किनारे पैदल चल रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी लहराते हुए आगे बढ़ती रही और इसी दौरान दो बाइक सवारों को भी लगभग ठोंक ही दिया, जो बड़ी मुश्किल से बच पाए। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और कई लोग गाड़ी के पीछे दौड़े, लेकिन चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी, जिससे भीड़ पीछा नहीं कर पाई।
चारों युवक किसी कंपनी के कर्मचारी, एक गिरफ्तार – तीन अब भी फरार
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार चारों युवक बाहर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और किसी कंपनी में काम करते हैं। पब्लिक ने उन्हें पहचानने की कोशिश की, और संभवतः उनके नाम विनय, अभिषेक (ड्राइवर), रंजन और अखिलेश बताए गए हैं। भागने के दौरान आरोपी आगे जाकर रेस्ट हाउस के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। फिलहाल खबर लिखे जाने तक पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि बाकी तीनों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायल व्यक्ति का उपचार जारी है।


