झाड़-फूंक के बहाने हुई पहचान, नोट डबल करने का लालच देकर फंसाया

बिलाईगढ़। थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने बताया कि सिलादेई निवासी खेमराज निराला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। खेमराज की मुलाकात झाड़-फूंक के सिलसिले में ग्राम बरेली निवासी पिलाराम यादव से हुई थी। इसी दौरान पिलाराम ने खेमराज को झांसा दिया कि उसके पास एक व्यक्ति ऐसा है जो एक लाख रुपये के बदले 15 लाख रुपये के असली जैसे डुप्लीकेट नोट देता है, जो हर जगह आसानी से चल जाते हैं।
इसके बाद पिलाराम ने अगलडीहा निवासी रवि जाटवर से खेमराज की मोबाइल पर बात कराई, जिसने मामले को आगे बढ़ाया।


10 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे, फिर नकली नोट देने का वादा

पिलाराम और रवि ने खेमराज का विश्वास जीतते हुए बताया कि वे कई लोगों को ऐसे नोट दे चुके हैं। उनकी बातों में आकर खेमराज 26 नवंबर 2023 को पवनी मोड़ पहुंचा। आरोपियों ने सबसे पहले उसे सोनिया बंजारे के खाते में 10 हजार रुपये भेजने को कहा। खेमराज ने तुरंत राशि ट्रांसफर कर दी और स्क्रीनशॉट भी भेज दिया।


90 हजार नकद लेकर आरोपी फरार, मोबाइल किया बंद

उसी दिन शाम करीब 4 बजे रवि जाटवर, राहुल जाटवर और पीतांबर पंकज पवनी मोड़ पहुंचे और खेमराज से बाकी 90 हजार रुपये नकद ले लिए। उन्होंने वादा किया कि 27 नवंबर को टुण्डरी बेरियर के पास नकली नोट सौंप दिए जाएंगे।
लेकिन अगले दिन आरोपियों ने खेमराज को लगातार इंतजार करवाया। रवि जाटवर ने फोन पर टालमटोल करते हुए कहा कि “उसके आदमी रास्ते में हैं”। कुछ समय बाद रवि ने अपना मोबाइल ही बंद कर दिया


पैसा मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी

जब खेमराज को ठगी का शक हुआ, तो उसने पिलाराम को फोन कर पैसे वापस मांगे। इस पर पिलाराम ने धमकाते हुए कहा—
“जहां शिकायत करनी है कर दे, मैं किसी के बाप से नहीं डरता, तुझे जान से मार देंगे।”
धमकी और ठगी दोनों से परेशान होकर खेमराज ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।


तीन आरोपी पहले ही जेल में, अब मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पहले ही पिलाराम यादव, राहुल जाटवर और पीतांबर पंकज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अब बिलाईगढ़ पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रवि जाटवर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *