घने जंगल में संदिग्ध हालात में मिला शव

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र में 17 नवंबर से लापता चल रहे बासडॉड़ निवासी अमित बेहरा का शव गुरुवार को गोंडी और सारासमाल के बीच गहरे जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवक के अचानक गायब होने के बाद से परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। शव की पहचान होते ही पूरे इलाके में खलबली मच गई और देखते ही देखते जंगल में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक की मोटरसाइकिल भी कुछ दूरी पर खड़ी मिली, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की स्थिति और मिले साक्ष्य कई सवाल खड़े करते हैं, जिन्हें खंगालने के लिए हर एंगल से जांच की जा रही है।

पुलिस ने कई पहलुओं पर शुरू की गहन जांच

प्रारंभिक जांच के दौरान टीम को कुछ ऐसे बिंदु मिले हैं, जो इस घटना को सामान्य मौत के बजाय संदिग्ध दिशा में ले जाते हैं। इसी कारण पुलिस ने जंगल के आसपास के इलाकों को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया है और कई लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल का विस्तृत परीक्षण कर रहे हैं, ताकि मौत की असली वजह तक पहुंचा जा सके। उधर, बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों की हालत बेहद खराब है और पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवक की मौत आत्महत्या है, दुर्घटना है या किसी अन्य कारण से हुई है। फिलहाल पुलिस इसे अत्यंत गंभीर मामला मानकर जांच में पूरी ताकत झोंके हुए है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *