छोटी सी बात पर बड़ा हादसा, युवक की आत्महत्या से गांव में सनसनी

धमतरी , छत्तीसगढ़ ।

अंडा करी को लेकर विवाद में युवक ने की आत्महत्या


धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के संकरा गांव में सोमवार शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां 40 वर्षीय टिकुराम सेन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण महज इतना था कि पत्नी ने अंडा करी बनाने से इंकार कर दिया। पुलिस के अनुसार टिकुराम सोमवार को शराब पीकर घर लौटा और पत्नी से अंडा करी बनाने की जिद की। लेकिन पत्नी ने अगले दिन आने वाले तीज पर्व का हवाला देते हुए साफ मना कर दिया। उसने कहा कि वह निरजल व्रत रखेगी और परंपरा के मुताबिक ‘करू भात’ यानी करेला और अन्य व्यंजनों का सेवन होगा। इसी पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई और टिकुराम नाराज होकर घर से बाहर निकल गया। कुछ देर बाद उसका शव गांव के पास पेड़ से लटका मिला।

गांव में मचा हड़कंप, पुलिस कर रही जांच

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि यह आत्महत्या केवल अंडा करी को लेकर हुए विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य पारिवारिक तनाव भी था, इसकी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि टिकुराम दिहाड़ी मजदूरी करता था और उसके परिवार में अक्सर छोटे-छोटे विवाद होते रहते थे। हालांकि इतनी छोटी सी बात पर आत्महत्या कर लेना पूरे गांव के लिए हैरानी और दुख का विषय बन गया है।