
रायपुर:
रायपुर पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े चार और आरोपियों—विधि अग्रवाल (27), सोहेल खान (29), जुबैर अख्तर (28) और ऋषिराज टंडन—को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी लंबे समय से हेरोइन और एमडीएमए की सप्लाई में सक्रिय थे। अब तक इस नेटवर्क से जुड़े 30 से ज्यादा लोगों को पुलिस पकड़ चुकी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) अधिकारी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं और जल्द ही कई और बड़े नाम सामने आने की संभावना है।
पिछली बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस की पहले की कार्रवाई में आरोपियों से हेरोइन, एमडीएमए, लग्जरी कार, मोबाइल, तोलने की मशीन, पिस्टल और 82 कारतूस जब्त किए गए थे। जांच में सामने आया कि इनके संपर्क में कुछ कारोबारी, राजनेता और अधिकारी भी थे। पुलिस अब सभी कड़ियों को जोड़ रही है और आने वाले दिनों में विस्तृत पूछताछ करेगी। अधिकारियों ने साफ किया है कि जो भी इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
