एक कर्मचारी के साथ मंत्री ने की मारपीट ??

रायपुर, छत्तीसगढ़ : रायपुर में मंत्री केदार कश्यप पर एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सोमवार को कांग्रेसियों ने गांधी मैदान से रैली निकालकर नगर निगम वाइट हाउस होते हुए मोतीबाग चौक तक मार्च किया। मंत्री के बंगले की ओर बढ़ते कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका, जिसके बाद झूमाझटकी की स्थिति बन गई।
इस्तीफे की मांग और आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल इस्तीफे की मांग की। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं का व्यवहार जनता और कर्मचारियों के प्रति असंवेदनशील है। उन्होंने बताया कि मंत्री ने एक कर्मचारी को कमरे में बुलाकर गाली-गलौज, लात-घूंसे से मारपीट की। पीड़ित कर्मचारी ने इसकी जानकारी कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को दी।
कांग्रेस की चेतावनी और रुख
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही है, बल्कि कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। चेतावनी दी गई कि यदि पीड़ित कर्मचारी के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और मंत्री कश्यप की होगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि जनता और कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने वाले मंत्री को पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने साफ किया कि जब तक इस्तीफा नहीं होता, आंदोलन सड़क पर जारी रहेगा।
