
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दशहरे की रात डबल मर्डर की वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। आरोपियों ने परिवार पर उस वक्त हमला किया जब सभी लोग गहरी नींद में थे। इस हमले में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुकमेत सिदार और उनके 60 वर्षीय दामाद लक्ष्मण सिदार की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वहीं, मृतका की बेटी गंभीर हालत में मिली, जिसे तुरंत टिंगनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
घरघोड़ा थाना क्षेत्र की दिल दहला देने वाली वारदात
यह सनसनीखेज हत्या घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रायकेरा के माझापारा की है। गुरुवार देर रात वारदात के बाद शुक्रवार सुबह मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की और संदेह के आधार पर पड़ोस के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मुआवजा राशि के लिए हत्या?
प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतका सुकमेत सिदार को हाल ही में प्लांट से मुआवजा राशि मिली थी। आशंका जताई जा रही है कि पैसों की जानकारी आसपास और परिजनों को थी। पुलिस का मानना है कि रुपये हड़पने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। रिश्तेदारों और आस-पड़ोस के लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही हत्या का राजफाश करने का दावा किया है।
