
लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम पोतरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला देवगुड़ीपारा में सोमवार सुबह हंगामा खड़ा हो गया। स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर प्रेमसाय यादव (52) ने आरोप लगाया है कि जशपुर जिले के सुरंगपानी निवासी अमन गुप्ता, उसका भाई सागर गुप्ता और एक अन्य युवक अचानक स्कूल पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। पहले उन्होंने हेडमास्टर के साथ गाली-गलौज की, फिर हाथ-मुक्कों से मारपीट पर उतारू हो गए। पीड़ित का कहना है कि झगड़े के दौरान आरोपियों ने उसकी शर्ट की जेब में रखे 5 हजार रुपए भी निकाल लिए। मारपीट की इस घटना को स्कूल की रसोइया और बच्चों ने अपनी आंखों से देखा है। हमले में हेडमास्टर को चोटें भी आई हैं। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वे सीधे थाना पहुंचे, लेकिन वहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई।
थाने में नहीं लिखी रिपोर्ट, एसपी कार्यालय की शरण में पहुंचे पीड़ित
पीड़ित हेडमास्टर ने बताया कि जब लैलूंगा थाने में एफआईआर दर्ज नहीं हुई, तब उन्होंने रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाकर लिखित आवेदन सौंपा। इस पर एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के निर्देश दिए। इसके बाद लैलूंगा पुलिस ने देर शाम आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की भूमिका को खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद गांव और स्कूल परिसर में चर्चा तेज हो गई है।
लेन-देन के विवाद से जुड़ा हमला
हेडमास्टर प्रेमसाय यादव ने इस हमले के पीछे अपने बेटे के पैसों की लेन-देन का मामला सामने आने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि संभवतः उनके बेटे ने आरोपियों से पैसे लिए थे और इसी विवाद की वजह से उन पर हमला किया गया। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कितने रुपए लिए गए थे। पुलिस भी इस बिंदु को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोग इस घटना से आक्रोशित हैं और स्कूल परिसर में हुई इस मारपीट को लेकर चिंता जता रहे हैं।
