
रायगढ़, 10 अक्टूबर 2025। जूटमिल पुलिस ने ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूटने वाले गिरोह के दो फरार सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस गिरोह के कुल पांच सदस्य वारदात में शामिल थे, जिनमें से तीन को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस को हाल ही में सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बजरंगपारा क्षेत्र में छिपे हुए हैं, जिसके बाद पुलिस टीम ने रात में घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर बताया कि उन्होंने लूटे गए पैसों में से अपने हिस्से के 1000-1000 रुपये खर्च कर दिए थे। पुलिस की सतर्कता से लूटकांड में शामिल पूरे गिरोह का खुलासा हो गया है, जिससे क्षेत्र में राहत की भावना है।
सारंगढ़ बस स्टैंड पर की थी वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरगहनी (जांजगीर) निवासी ट्रक चालक विकास मिश्रा ने 20 अगस्त 2025 को जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 15 अगस्त की रात वह ट्रक क्रमांक सीजी-04-एनएक्स-8429 में पूंजीपथरा से माल लेकर रायगढ़ जा रहा था। रात लगभग साढ़े बारह बजे उसने सारंगढ़ बस स्टैंड के पास वाहन खड़ा कर विश्राम किया था। इसी दौरान कुछ युवक ट्रक में चढ़ आए और उसकी पिटाई कर जेब में रखे छह हजार रुपये व रियलमी कंपनी का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के वक्त बाहर खड़ा एक युवक अपने साथियों को “शिवा” नाम से पुकार रहा था। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 285/2025 धारा 309(4) व 309(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
टीमवर्क से मिली सफलता, रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने विवेचना के दौरान पहले तीन आरोपियों — शिवा सारथी, प्रेम सारथी और सोनू सारथी — को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, शेष दोनों आरोपी गणेश सारथी और रितेन उर्फ खदरू को 8 अक्टूबर की रात पुलिस ने बाजरंगपारा क्षेत्र से पकड़ा। दोनों से पूछताछ में वारदात की पुष्टि हुई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक लखेश्वर पुरसेठ, शशिभूषण साहू, धनेश्वर उरांव और जितेश्वर चौहान की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
