
तमनार। बीते सितंबर माह में ग्राम झिंकाबहाल में हुए मारपीट के मामले में तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को दबोच लिया है। यह घटना 22 सितंबर की है, जब गांव में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। बताया गया कि कार्यक्रम समिति के सदस्य धीरज बेहरा और उपेंद्र बेहरा ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कार्यक्रम खत्म होने के बाद आरोपियों ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़ित धीरज बेहरा के पिता अरुण बेहरा की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 215/2025 दर्ज किया। शिकायत के अनुसार रात में जब दोनों युवक पानी की टंकी के पास हाथ-पैर धो रहे थे, तभी संजीव बेहरा, राजा बोहिदार और दीपक पटेल अपने साथियों के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें पहले जिंदल फोर्टिस और फिर रायगढ़ फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उपेंद्र बेहरा के हाथ में फ्रैक्चर पाया गया।
तीनों आरोपी रिमांड पर भेजे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 118(2) बीएनएस सहित अन्य धाराओं को जोड़ा और विवेचना तेज की। थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। मुखबिर की सूचना पर 12 अक्टूबर को आरोपी स्वयं उर्फ राजा बोहिदार (26), राजेश निषाद (27) और संजीव उर्फ भुरू बेहरा (28) को उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके पास से हॉकी स्टिक और बांस की लाठियां भी जब्त की हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

