पुलिस गिरफ्त में आरोपी

घर का टूटा था ताला, कार समेत जेवर किये थे पार: पुलिस ने तीन चोरों को धर दबोचा

रेकी के बाद दिया चोरी की वारदात को अंजाम
रायगढ़। गोल्डन नेस्ट कॉलोनी में रहने वाली शिक्षिका स्वाति खलखो के घर से कार और कीमती जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, स्वाति 6 अक्टूबर को अपने घर में ताला लगाकर तमनार स्कूल ड्यूटी पर गई थीं। 10 अक्टूबर की सुबह पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का दरवाजा और गेट खुले हैं। जब स्वाति लौटीं, तो देखा कि बरामदे में खड़ी उनकी हुंडई स्पोर्ट्स कार गायब है। साथ ही रसोई का गैस सिलेंडर, अलमारी में रखे सोने के झुमके, अंगूठी और चांदी की पायल भी चोरी हो चुकी थी। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जूटमिल इलाके के सोनम खान नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने चोरी की पूरी कहानी कबूल कर ली।

पुलिस पूछताछ में खुला पूरा राज
सोनम खान ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो साथियों — प्रेम नगर निवासी अमीर उल्ला उर्फ छोटू और दुर्ग जिले के फरीदनगर सुपेला निवासी अदनान अली — के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। वारदात से पहले सोनम ने इलाके की रेकी की थी। उसने अपने एक परिचित की कार को रेलवे स्टेशन छोड़ने के बहाने इलाके का मुआयना किया और मौके की जानकारी जुटाई। इसके बाद वह अपनी एक्टिवा स्कूटर से दोनों साथियों के साथ आया और मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। तीनों ने मिलकर हुंडई कार, गैस सिलेंडर और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

लगभग साढ़े छह लाख का सामान बरामद, आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने सोनम खान, अमीर उल्ला और अदनान अली — तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोनम और अमीर उल्ला एसी रिपेयरिंग का काम करते थे, जबकि अदनान ड्राइवर है। सोनम की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी, एक मिरर ब्लैक वनप्लस मोबाइल फोन, चोरी की हुंडई कार और गैस सिलेंडर जब्त किया। अदनान अली से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं। कुल जब्त सामान की कीमत लगभग 6 लाख 51 हजार 800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Taj Electronics & Furniture

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *