
स्पीकर फोन पर स्टाफ ने भी सुनी गाली-गलौज, पुलिस ने किया मामला दर्ज
कॉल पर दी गालियां और धमकी
रायगढ़। जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने ही विभाग के एक कर्मचारी पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अधिकारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब 12:20 बजे जब वे केलो विहार कॉलोनी में अपने कार्यालयीन स्टाफ भुनेश्वर पटेल और सुरेंद्र पटेल के साथ बैठे थे, तभी उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को प्रदीप सिंह, सहायक ग्रेड-03, शासकीय स्कूल कुडुमकेला बताते हुए उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
स्पीकर पर सुनी स्टाफ ने पूरी बातचीत
अधिकारी ने बताया कि बातचीत करीब 47 सेकंड तक चली। इस दौरान उन्होंने आरोपी से पूछा भी कि वह ऐसी बातें क्यों कर रहा है, लेकिन प्रदीप सिंह लगातार अपशब्द बोलते हुए धमकियां देता रहा। कॉल स्पीकर पर होने से वहां मौजूद दोनों स्टाफ सदस्यों भुनेश्वर पटेल और सुरेंद्र पटेल ने भी यह पूरी वार्ता सुनी। इसके बाद आरोपी ने अधिकारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर भी धमकी दी, जिससे अधिकारी भयभीत हो गए।
धारा 296, 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज
जिला शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रदीप सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामला धारा 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जाएगी और आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


