लैलूंगा, रायगढ़। शादी का प्रलोभन देकर युवती से दुष्कर्म करने का एक मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र में प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार ग्राम बैंगिनझरिया निवासी राजमिस्त्री लछन मांझी को फरवरी माह में एक घर के निर्माण कार्य के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान घर की 23 वर्षीय युवती से उसका परिचय हुआ। काम के बहाने अक्सर घर आना-जाना रहने से दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। बताया गया कि लछन ने युवती से शादी करने का प्रस्ताव भी रखा, जिस पर युवती ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था। 10 मार्च की दोपहर जब युवती घर में अकेली थी, तब आरोपी ने खाना खाते समय शादी का हवाला देते हुए उसे पकड़ लिया और जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने युवती को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने किसी को बताया तो वह शादी नहीं करेगा। युवती इस उम्मीद में चुप रही कि वह शादी करेगा।

शादी से मुकरा आरोपी, टूटी पीड़िता की उम्मीदें

युवती का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी बीच जून माह में मकान का काम पूरा होते ही लछन अपने गांव लौट गया। कुछ दिनों बाद जब युवती ने शादी की बात की, तो उसने साफ इनकार कर दिया। शादी से मुकरने पर युवती ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजन जब आरोपी से मिले और शादी की बात रखी, तब भी उसने साफ इंकार कर दिया।

पुलिस ने किया मामला दर्ज, विवेचना जारी

परिजनों की सलाह के बाद पीड़िता ने लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी लछन मांझी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और पीड़िता के बयान न्यायालय में दर्ज कराए जाएंगे। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है तथा ग्रामीण आरोपी को कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *