छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। यहां एक साइकोपैथ प्रवृत्ति के युवक ने अपनी प्रेमिका की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी न केवल महिलाओं की तरह कपड़े पहनता था, बल्कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से 19 फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर युवतियों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध टूटने के बाद आरोपी ने अपनी प्रेमिका को मिलने के बहाने बुलाया और देर रात उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने शव को पैरावट में डालकर जलाने की कोशिश की, ताकि सबूत मिटाया जा सके। इस वारदात ने जिले भर में सनसनी फैला दी है। शनिवार सुबह जब गांव चरोटी में लोगों ने पैरावट के ढेर से धुआं उठते देखा, तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो जले हुए शव के पास से चाकू और खून के निशान बरामद हुए।
फर्जी अकाउंट से चलाता था महिलाओं की दुनिया
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जब जांच शुरू की, तो आरोपी सालिक राम पैकरा (25 वर्ष) की हरकतों ने सबको चौंका दिया। वह सोशल मीडिया पर अलग-अलग महिलाओं के नाम से अकाउंट बनाकर उनसे बातचीत करता और खुद को महिला बताकर दूसरों को भ्रमित करता था। गांव में पूछताछ के दौरान उसके बारे में कई सनसनीखेज बातें सामने आईं। पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपने अपराध को कबूल कर लिया।
रिश्ता जोड़ने से इंकार पर दी दर्दनाक मौत
आरोपी ने कबूल किया कि 24-25 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे उसने प्रेमिका तेजस्विनी पटेल को मिलने के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान जब युवती ने रिश्ता दोबारा जोड़ने से साफ इंकार कर दिया, तो वह आपा खो बैठा। गुस्से में उसने पहले चाकू से वार किया और फिर लकड़ी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को पैरावट में डालकर आग लगा दी और खुद घर जाकर सो गया, ताकि किसी को शक न हो। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और साइबर सेल उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।


