रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र में सोमवार को खेत में करंट लगने से चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ग्राम मुड़पारा की है, जहां 25 वर्षीय निर्मल नागवंशी और उसका 12 वर्षीय भतीजा शिवा नागवंशी खेत में आलू की फसल को पानी देने गए थे। बताया गया कि मोटर पंप चलाने के लिए लगाए गए बिजली कनेक्शन का बोर्ड अचानक जमीन पर गिर गया। निर्मल ने जब उसे उठाने की कोशिश की, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। यह दृश्य देखकर शिवा दौड़कर चाचा को बचाने पहुंचा, लेकिन वह भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, तब खेत में दोनों के शव पड़े मिले।

पानी भरने के दौरान हादसा, ग्रामीणों में शोक

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची लैलूंगा थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि दोनों की मौत बिजली के करंट से हुई है। बताया जा रहा है कि खेत में पानी के लिए अस्थायी रूप से तार और बोर्ड जोड़े गए थे, जिनमें सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की पुष्टि कर ली गई है। वहीं, घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है कि क्या बिजली आपूर्ति में किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *