रायगढ़। सुबह जब ग्रामीण रोज की तरह पूजा-अर्चना करने मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर के भीतर हनुमान जी की मूर्ति और आसपास के हिस्सों में तोड़फोड़ के निशान हैं। यह दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए और कुछ ही देर में पूरे गांव में घटना की खबर फैल गई। कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम गेजमोड़ा में स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार सुबह अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई तोड़फोड़ से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। आस्था स्थल में की गई इस तोड़फोड़ से लोगों में गुस्सा और रोष व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही कोतरा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मंदिर परिसर से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
असामाजिक तत्वों पर शक, ग्रामीणों में रोष
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर इस तरह की हरकत कर धार्मिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करे और असली आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की संभावना बनी रहेगी।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
कोतरा रोड थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द बेनकाब किया जाएगा।


