तालाब में नहाने पहुंचे झुंड से बिछड़ा मासूम शावक, पानी में डूबने से मौत
धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज में उस वक्त हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला जब हाथियों के झुंड के साथ तालाब में नहाने गया 7 महीने का शावक पानी की गहराई में डूब गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात बनहर सर्किल क्षेत्र में करीब 40 से 50 हाथियों का दल अलग-अलग समूहों में घूम रहा था। इसी दौरान 20 हाथियों का झुंड सरईमुड़ा तालाब में उतरा, जहां नहाने के दौरान छोटा शावक फिसलकर गहराई में चला गया। साथी हाथियों ने उसे सूंड से बाहर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ देर तक घटना स्थल पर बेचैनी के बाद पूरा झुंड धीरे-धीरे वहां से जंगल की ओर चला गया, जिससे गांव के लोग भी भावुक हो उठे।
ग्रामीणों ने दी सूचना, वन विभाग ने कराया पोस्टमॉर्टम
अगले दिन मंगलवार की शाम ग्रामीणों को तालाब में शावक का शव दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी। अंधेरा हो जाने के कारण उस दिन पोस्टमॉर्टम संभव नहीं हो सका। बुधवार सुबह वन अमले ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमॉर्टम किया और विधिवत अंतिम संस्कार कराया। वनकर्मी भी इस घटना से दुखी नजर आए, क्योंकि शावक की उम्र महज कुछ महीने ही थी।
छाल रेंज में 53 हाथियों का दल, निगरानी बढ़ाई गई
छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि हाथियों का दल इन दिनों नियमित रूप से तालाबों और जलाशयों की ओर जा रहा है। सोमवार रात की घटना भी इसी दौरान घटी। उन्होंने कहा कि धरमजयगढ़ वनमंडल क्षेत्र में फिलहाल 53 हाथियों का झुंड सक्रिय है, जिसमें एक अकेला हाथी भी शामिल है। विभाग ने हाथियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है और आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
देखें वीडियो


