जांच रिपोर्ट दबाने पर भड़की NSUI, कहा—अगर कार्रवाई नहीं तो सड़कों पर उतरेगी

छात्रहितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, NSUI ने प्रशासन को दी चेतावनी

        घरघोड़ा स्थित पीएम श्री आत्मानंद स्कूल में प्रभारी प्राचार्य संजय पंडा की मनमानी और छात्रविरोधी कार्यशैली के खिलाफ अब छात्र संगठन एनएसयूआई खुलकर मैदान में उतर आया है। संगठन का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ छात्रों और अभिभावकों की लगातार शिकायतों के बाद अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय द्वारा जांच समिति गठित की गई थी, जिसने अपनी रिपोर्ट पखवाड़े भर पहले जमा भी कर दी है। इसके बावजूद, रिपोर्ट पर अब तक न तो कोई कार्रवाई हुई है और न ही उसे सार्वजनिक किया गया है। संगठन का कहना है कि प्रशासन की यह चुप्पी सीधे तौर पर प्राचार्य को संरक्षण देने जैसा है, जिससे उनकी तानाशाही स्कूल में और भी बढ़ गई है । NSUI के जिला उपाध्यक्ष आदित्य दासे ने अनुविभागीय अधिकारी घरघोड़ा को ज्ञापन सौंप कार्यवाही करने अन्यथा सोमवार को आंदोलन की बात कही है ।

जांच रिपोर्ट हो सार्वजनिक,तत्काल हटाये जाए प्राचार्य पण्डा

एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष आदित्य दासे ने आरोप लगाया कि रिपोर्ट दबाए जाने से स्कूल में छात्रों और अभिभावकों पर लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों को प्रवेश से वंचित किया जा रहा है और दबाव का माहौल बनाया जा रहा है। यह न केवल शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी है। संगठन ने मांग की है कि जांच रिपोर्ट को तत्काल सार्वजनिक किया जाए और उसके आधार पर प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ ठोस अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि स्कूल का शैक्षणिक माहौल सुधर सके।

सोमवार से होगा उग्र आंदोलन

संगठन ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयसीमा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो सोमवार से उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। एनएसयूआई ने कहा है कि जिम्मेदार अधिकारियों की ढिलाई और लापरवाही के कारण आंदोलन की नौबत आएगी और इसके लिए पूरी तरह से प्रशासन एवं शासन जिम्मेदार होंगे। इस चेतावनी के बाद अब जिला प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है कि वह स्थिति को बिगड़ने से पहले ही सख्त और पारदर्शी कदम उठाए।