
चैट वायरल की धमकी,वसूले लाखों रुपये
महिला हुई गिरफ्तार,सनसनीखेज खुलासा
भिलाई , छत्तीसगढ़ ।
स्टील सिटी भिलाई में ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने एक युवक को झूठे केस में फँसाने और उसके निजी चैट्स व मैसेज उसकी पत्नी के सामने उजागर करने की धमकी दी। लगातार दबाव बनाकर महिला ने युवक से करीब 4 लाख 93 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने परेशान होकर 24 अगस्त को भिलाई नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच शुरू की और आरोपी महिला को पकड़ लिया। महिला ने युवक को कई दिनों तक मानसिक दबाव में रखकर पैसों की उगाही की थी।
धमकी देकर वसूले लाखों रुपये
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला युवक को लगातार धमका रही थी कि वह उसके मैसेज और बातचीत को वायरल कर देगी। इस डर से युवक महिला को किस्तों में पैसे देता रहा। 7 अगस्त से 15 अगस्त 2025 के बीच महिला ने अलग-अलग किश्तों में कुल 4.93 लाख रुपये ऐंठ लिए। मामले की गंभीरता समझते हुए भिलाई नगर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर महिला को नोटिस जारी किया। जब आरोपी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी महिला ने किया जुर्म कबूल
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने माना कि वह युवक को डराकर लंबे समय से पैसे वसूल रही थी। एसएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि महिला ने दबाव बनाकर रकम हासिल करने की बात कुबूल की है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इसी तरह उसने अन्य लोगों को भी निशाना बनाया था।
