रायगढ़। ग्राम खम्हरिया निवासी सुखसागर चौहान (24 वर्ष) की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। घटना 4 नवम्बर 2025 की रात लगभग 9 बजे की है, जब सुखसागर अपने साथी रितिक रोशन चौहान और रूपलाल यादव के साथ ग्राम उरबा मेला देखने गए थे। उन्होंने अपनी पल्सर बाइक (क्रमांक CG 13 AP 2420, रंग EBONY BLACK SOLAR REPURPOSE) को मेले स्थल के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। देर रात करीब 3 बजे जब वे मेला देखकर लौटे, तो बाइक मौके से गायब मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने बाइक की कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई है। सुखसागर ने इस संबंध में तमनार थाने में आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

लगातार बढ़ रही बाइक चोरी, पुलिस की चौकसी पर उठे सवाल

जिले में बीते कुछ महीनों से बाइक चोरी की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। बाजार, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों से लगातार दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें थानों में दर्ज हो रही हैं। बढ़ते मामलों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उरबा मेला से हुई यह ताज़ा चोरी पुलिस के लिए नई चुनौती बन गई है। तमनार पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए ताकि ऐसे मामलों पर अंकुश लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *