ताज न्यूज़ घरघोड़ा

रायगढ़। शहर के बड़े रामपुर स्थित गोल्डन नेस्ट कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक शिक्षिका के घर से लाखों की चोरी हो गई। तमनार के शासकीय हाई स्कूल में पदस्थ स्वाति खलखो (40 वर्ष) रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे घर में ताला लगाकर स्कूल चली गई थीं। चार दिन बाद पड़ोसी महिला ने मोबाइल पर सूचना दी कि उनके घर का गेट खुला हुआ है। खबर सुनते ही स्वाति तुरंत घर लौटीं तो देखा कि बरामदे में खड़ी उनकी हुंडई कार गायब है। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी और रसोई से गैस सिलेंडर भी गायब थे। शिक्षिका ने बताया कि कुल मिलाकर लगभग तीन लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी हुआ है।

जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षिका ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और बारीकी से जांच शुरू की। आस-पास के लोगों से पूछताछ की गई, पर किसी ने भी संदिग्ध व्यक्ति को इलाके में आते-जाते नहीं देखा। इस चोरी की वारदात से कॉलोनी के लोग दहशत में हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305-BNS और 331(4)-BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

CCTV फुटेज में तलाशे जा रहे सुराग

थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि शिक्षिका के घर में चोरी की पुष्टि हुई है। कार, गैस सिलेंडर और जेवरात सभी गायब हैं। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है और संदिग्धों की तलाश जारी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य और कैमरा फुटेज के आधार पर जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *