रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में मंगलवार तड़के मवेशी तस्करी की एक बड़ी कोशिश को वन विभाग के कर्मचारी ने नाकाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, डभरा थाना अंतर्गत पलगढ़ा फॉरेस्ट बैरियर पर तैनात चपरासी दिनेश कुमार साहू ड्यूटी पर मौजूद था, तभी सुबह करीब चार बजे दो पिकअप वाहन तेज रफ्तार में वहां से गुजरने लगे। संदेह होने पर उसने दोनों गाड़ियों को रोका और जांच की तो उनमें कई गौवंश क्रूरतापूर्वक ठूंसकर ले जाए जा रहे थे। पूछताछ के दौरान एक चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला, जबकि दूसरे को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान जशपुर जिले के रोकबहार निवासी शेख अमानत के रूप में की गई है।

गाड़ियां जब्त, पुलिस ने दर्ज किया केस
सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। फरार चालक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि मवेशियों को अवैध रूप से दूसरे जिले में ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी गिरोह के पीछे और कौन लोग शामिल हैं। घटना से क्षेत्र में रोष है और ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *