
रायगढ़/घरघोड़ा। घरघोड़ा के छाल रोड बायपास स्थित डेल्हीवरी कूरियर सर्विस ऑफिस में शुक्रवार की देर रात एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 2:00 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई, जब एक अज्ञात व्यक्ति मंकीकैप पहनकर ऑफिस का ताला तोड़ अंदर दाखिल हुआ और लॉकर में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, चोर की गतिविधियां ऑफिस में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई हैं, लेकिन उसका चेहरा पूरी तरह ढका होने से पहचान नहीं हो पाई है। सुबह कार्यालय खुलने पर कर्मचारियों को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
घरघोड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह वारदात एक योजनाबद्ध तरीके से की गई प्रतीत होती है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है, और जल्द ही चोरी की पूरी वारदात का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
संवाददाता — Taj News, घरघोड़ा



