
बिलासपुर
बिलासपुर के भारतमाता स्कूल में मंगलवार दोपहर छात्रों के बीच हिंसक झगड़ा हुआ। नौवीं कक्षा के कुछ छात्रों ने मिलकर 12वीं कक्षा के आवेश मिर्जा पर हमला किया। शुरूआती रिपोर्ट्स में बताया गया कि हमला चाकू से हुआ है, लेकिन बाद में कुछ सूत्रों ने कहा कि हमले में नेल कटर का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए उसके साथी को भी चोट आई। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, आवेश मिर्जा तारबाहर इलाके का रहने वाला छात्र है। स्कूल की गैलरी में खड़े होने पर नौवीं कक्षा के छात्रों ने उसे क्लास में बुलाया। पहली मंजिल पर पहुंचने पर 6 से 8 छात्र पुराने विवाद को लेकर उससे गाली-गलौज करने लगे और उसके बाद उसे पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच एक छात्र ने हमला किया।
मारपीट को रोकने आए उसके दोस्त को भी हमला झेलना पड़ा। घटना की आवाज सुनकर शिक्षक मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी।
घटना की खबर मिलने के बाद परिजन सीधे तारबाहर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नौवीं कक्षा के तीन नाबालिग छात्रों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट) के तहत केस दर्ज किया है।
इस वारदात ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावक कहते हैं कि बच्चों को सुरक्षित माहौल में पढ़ाई का अवसर मिलना चाहिए, लेकिन अब स्कूल में ही हिंसा की घटनाएं होने लगी हैं।
हाल के दिनों में बिलासपुर में चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाईकोर्ट ने भी इस पर चिंता जताई और गृह सचिव से जवाब मांगा। पिछले कुछ दिनों में पुलिस ने 100 से अधिक चाकू बरामद किए हैं, लेकिन हालात में सुधार नहीं दिख रहा। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे नौवीं कक्षा के तीन छात्रों ने 12वीं के दो छात्रों से विवाद किया और नेल कटर से हमला किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेजे एक्ट के तहत कानूनी कदम उठाए हैं।