दुर्ग थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात में की गई आकस्मिक चेकिंग के दौरान एक होटल से पांच संदिग्धों को पकड़ा है, जो उड़िसा के कोरापुट जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात दुर्ग क्षेत्र के विभिन्न होटल, लॉज और ढाबों की पुलिस टीम ने सघन जांच की। इस दौरान न्यू इंडिया मार्केट स्थित एक होटल में पांच संदिग्ध व्यक्ति ठहरे मिले। पूछताछ के दौरान संदिग्ध जवाब मिलने पर जब पुलिस ने उनके मोबाइल फोन चेक किए, तो उसमें जादू-टोना से संबंधित वीडियो, हनुमान और लक्ष्मी छाप सिक्कों की तस्वीरें तथा अन्य संदिग्ध सामग्री पाई गई। पुलिस के अनुसार, ये लोग उड़िसा से आकर आम नागरिकों को जादू-टोना और तंत्र-मंत्र के नाम पर झांसे में लेकर पैसे ऐंठने का काम करते थे।

मोबाइल से मिला संदिग्ध सामग्री, एक से चाकू बरामद

पुलिस ने सभी पांचों संदिग्धों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है। जांच के दौरान एक व्यक्ति के पास से चाकू भी बरामद किया गया, जिसके चलते उसके खिलाफ पृथक से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त मोबाइल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किन लोगों से संपर्क में थे और किन क्षेत्रों में सक्रिय थे। संदिग्धों की पहचान के चंद्रशेखर, अनंत पुजारी, एम. सत्सा राव, लक्ष्मी नारायण खिलो और दैतारी माली के रूप में हुई है, जो सभी कोरापुट जिले के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं।

पुलिस की अपील – जादू-टोना के झांसे में न आएं नागरिक

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी व्यक्ति के बहकावे में न आएं जो जादू-टोना, तंत्र-मंत्र या सिक्कों के जरिए धन लाभ का झांसा देते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल या सहयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जिले में इस तरह के भ्रम फैलाने वाले गिरोहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आमजन को ठगी से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *