रायगढ़–खरसिया राष्ट्रीय राजमार्ग-49, जिसे स्थानीय लोग “मौत का डगर” भी कहते हैं, एक बार फिर भयावह सड़क हादसे का गवाह बना। बुधवार देर रात खरसिया थाना क्षेत्र के पतरापाली के पास तेज रफ्तार मारुति सुजुकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पूरा वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहली टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग से भी जा भिड़ी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
शिक्षक की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में कार में बैठे दो लोगों में से शिक्षक वीरेंद्र राठिया, निवासी गुरदा (खरसिया), की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वे ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठे थे, इसलिए टक्कर का पूरा प्रभाव उन पर पड़ा। कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर इलाज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार चालक की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

हाईवे पर तेजी से बढ़ रही दुर्घटनाएँ
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मार्ग को सुरक्षित किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-49 पर रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कई स्थानों पर ट्रक सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे रात में हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की पहचान भी की जा रही है।


