
फूठामुड़ा घाटी में पलटा लोहे से लदा ट्रेलर, रायगढ़-झारखंड मार्ग घंटों रहा ठप
घरघोड़ा से लेलुंगा मार्ग के बीच स्थित फूठामुड़ा घाटी में देर रात बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, लेलुंगा की ओर जा रहा लोहे से भरा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। यह मार्ग रायगढ़ से लेलुंगा, जशपुर और झारखंड को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जिस पर दिन-रात भारी और हल्के वाहनों की निरंतर आवाजाही रहती है। ट्रेलर के बीच सड़क पर आ जाने से बसें, ट्रक, कारें और बाइक तक फंस गए। देर रात से लेकर सुबह तक वाहन चालक और यात्री सड़क किनारे घंटों फंसे रहे। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भी आवागमन नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह बढ़ा जाम, बसें और छोटे वाहन घंटों फंसे रहे
सोमवार सुबह जब लोगों की आवाजाही शुरू हुई तो जाम और भी बढ़ गया। छोटे-बड़े वाहनों के साथ-साथ कई बसें भी घंटों तक सड़क पर अटकी रहीं। रायगढ़, जशपुर और झारखंड की ओर जाने वाली कई रूटों की बसें, जिनमें पूर्णागिरी रूट की बसें भी शामिल थीं, घंटों जाम में फंसी रहीं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब हालत और गहरे गड्ढे इस तरह की दुर्घटनाओं का मुख्य कारण हैं, परंतु बार-बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क सुधार की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
हाईड्रा से हटाया गया ट्रेलर, फिर भी जाम से नहीं मिली राहत
घटना की सूचना मिलते ही ट्रेलर मालिक और प्रशासन की ओर से हाईड्रा बुलाकर वाहन को हटाने की कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर को सड़क के किनारे किया गया, लेकिन मार्ग पूरी तरह सुचारु नहीं हो सका। संकरे मोड़ और खराब सड़क के कारण वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे ही शुरू हो पाई। देर शाम तक भी जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को लंबा इंतजार झेलना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि सड़क को पूरी तरह साफ करने और यातायात सामान्य करने में कुछ और समय लग सकता है।
