
सघन जांच अभियान में घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी
लूट-चोरी के पुराने मामलों से है नाता
रायगढ़, 16 अक्टूबर। त्योहारों के मौसम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के निर्देश पर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता अर्जित की है। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पेट्रोलिंग के दौरान शैतान चौक के पास दो संदिग्ध युवकों को हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (क्रमांक सीजी-13-एपी-5651) के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों युवकों ने बाइक चोरी की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपी एकेश मरावी (21 वर्ष) निवासी सोईराम कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 02 घरघोड़ा और रेहान खान (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 04 मोहम्मद शकील के मकान में किराए से रह रहा था। पूछताछ में एकेश ने बताया कि वह पूर्व में भी लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।
चोरी की योजना और खुलासा
पुलिस के अनुसार, करीब 15–16 दिन पहले दोनों आरोपी ग्राम झांकादरहा क्षेत्र में रेकी कर रहे थे, तभी उन्होंने एक घर के बाहर खड़ी काली हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक को देखा। मौके का फायदा उठाते हुए दोनों ने बाइक को डायरेक्ट कर चोरी कर ली। पहचान से बचने के लिए नंबर प्लेट हटाकर फेंक दी और बाद में बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश करने लगे। इसी दौरान सक्रिय पेट्रोलिंग टीम ने दोनों को धर दबोचा। चोरी की रिपोर्ट ग्राम बजरमुड़ा निवासी राजाराम भगत ने थाना घरघोड़ा में दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 273/2025 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला कायम किया गया। बरामद बाइक की कीमत लगभग ₹75,000 आंकी गई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
जांच के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा संयुक्त रूप से अपराध करने की पुष्टि होने पर प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और स्थानीय युवक कालिया गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घरघोड़ा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।


