घरघोड़ा। ग्राम कोटरीमाल में एक विवाहिता ने पति की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 9 नवंबर की दोपहर की है, जब मृतिका आसमति उर्फ दिला बिरहोर ने मजदूरी स्थल पर साड़ी से फंदा लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। मामले की मर्ग जांच के बाद घरघोड़ा पुलिस ने मृतका के पति सुंता बिरहोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

चार साल से अलग रह रहा था पति, लौटने पर फिर हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका का पति सुंता बिरहोर वर्ष 2019 में विवाह के बाद दो वर्ष तक पत्नी के साथ रहा, लेकिन 2021 में गर्भवती होने के बाद उसे मायके छोड़कर चला गया। चार वर्ष बाद वह सितंबर 2025 में अपनी पत्नी के पास वापस आया, परंतु फिर विवाद और मारपीट की घटनाएँ होने लगीं। अक्टूबर में वह मृतका को अपने गांव कोटरीमाल ले आया और 9 नवंबर की सुबह पुनः घरेलू विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद मृतका रोजी मजदूरी करने गई और दोपहर में काजू बाड़ी में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने मर्ग जांच कर पति पर दर्ज किया अपराध
घटना की सूचना मृतका की सास रमनी बिरहोर ने घरघोड़ा थाना को दी, जिस पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 113/2025 दर्ज कर कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं एफएसएल टीम की मौजूदगी में जांच की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घुटने से आत्महत्या बताया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतका अपने पति की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या के लिए मजबूर हुई। पुलिस ने आरोपी सुंता बिरहोर (उम्र 22 वर्ष) निवासी कोटरीमाल के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *