रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अमलीडीह में पशु चोरी की वारदात सामने आई है, जहां किशन राठिया पिता स्व. आत्माराम राठिया (24 वर्ष) की 3 बकरियां और 1 बकरा किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया। जानकारी के मुताबिक किशन राठिया बकरी पालन का कार्य करता है और उसके पास कुल 25 बकरी-बकरा थे। उसने बताया कि 2 नवंबर की शाम 5 बजे सभी पशुओं को चराने के बाद अपने घर के कोठा (बाड़े) में बांधकर रखा था। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे जब वह उठा, तो देखा कि कोठे का दरवाज़ा टूटा हुआ था और चार पशु — 3 बकरी व 1 बकरा, कीमत लगभग ₹40,000 — गायब थे। उसने आसपास के लोगों से पूछताछ और खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

कुंडी तोड़कर की गई चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

किशन राठिया ने घटना की जानकारी 10 नवंबर 2025 को घरघोड़ा थाने में लिखित आवेदन देकर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने धारा 331(4), 305(A) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि चोरों ने रात में घर के कोठा की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पशुओं को चुपके से भगा ले गए। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से पशु चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। पुलिस अब चोरी के इस गिरोह का सुराग लगाने में जुटी हुई है और गांव के आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *