घरघोड़ा। जिले में लगातार बढ़ रही मवेशी चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए घरघोड़ा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में की गई त्वरित कार्रवाई के तहत मवेशी चोरी के आरोपी को रायगढ़ शहर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की गई बकरियों को काटकर मांस के रूप में बेच देने की बात स्वीकार की है। इस खुलासे के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय मवेशी चोर गिरोहों पर पुलिस की निगरानी और सख्त कर दी गई है।
किसान के घर से चोरी हुई थी चार बकरियाँ
ग्राम अमलीडीह निवासी किसान किशन राठिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पास कुल 25 बकरी-बकरा हैं जिन्हें वह रोजाना चराकर घर के कोठा में बांध देता है। 02 नवंबर की शाम को उसने मवेशियों को बांधा था, लेकिन अगले दिन सुबह देखा तो तीन बकरियाँ और एक बकरा चोरी हो चुके थे। आरोपी ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। चोरी गई मवेशियों की कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 301/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रायगढ़ से आरोपी नावेद अली गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 10, चांदमारी निवासी मोह. नावेद अली के रूप में की। आरोपी को रायगढ़ से पकड़कर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की घटना कबूलते हुए बताया कि बकरियों को काटकर चिल्हर में बेच दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13-AR-8463) जब्त की है। आरोपी को 11 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उपनिरीक्षक खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और उधोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



