रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दहेज में मोटरसाइकिल नहीं लाने की बात को लेकर एक विवाहित महिला को ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पर विवाद, गर्भपात कराया
मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा टेंडा निवासी प्रेमकुमार राठिया की शादी 12 मार्च 2023 को सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। विवाह के दौरान पीड़िता के पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोना-चांदी के जेवर, पलंग, सोफा सेट, ड्रेसिंग टेबल, एलईडी टीवी, फ्रीज, कुलर, पंखा, रेंजर सायकल, बर्तन और अन्य सामान उपहार में दिए थे। विवाह के बाद जब महिला ससुराल पहुंची, तो पति प्रेमकुमार राठिया, दादी कमला बाई और चाची सुरेखा राठिया उसे मोटरसाइकिल न लाने पर लगातार ताने देने लगे। इसके साथ ही पति ने कई बार उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की।
पीड़िता ने बताया कि दिसंबर 2023 में जब वह गर्भवती थी, तब तीनों आरोपियों ने मिलकर उसे जबरन दवाई खिलाकर गर्भपात करा दिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया। इसके बाद पीड़िता ने पूरी घटना अपने पिता को बताई, जिन्होंने उसे अपने साथ घर ले जाकर इलाज कराया।
“जब तक मोटरसाइकिल नहीं मिलेगी, पत्नी के रूप में नहीं अपनाऊंगा”
पीड़िता ने आगे बताया कि जब उसने ठीक होने के बाद अपने पति को फोन कर घर बुलाया, तो पति ने साफ कहा कि जब तक तुम्हारे पिता मोटरसाइकिल नहीं देंगे, तब तक तुम्हें नहीं लाऊंगा और पत्नी के रूप में स्वीकार नहीं करूंगा। इसके बाद महिला ने खरसिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पति, दादी सास और चाची सास पर किया मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति प्रेमकुमार राठिया, दादी सास कमला बाई और चाची सास सुरेखा राठिया के खिलाफ धारा 498(ए) के तहत अपराध दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


