रायगढ़, 9 नवंबर। सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला रायगढ़ में सामने आया है, जहां एक युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। युवक ने चालाकी दिखाते हुए स्कूल पहुंचकर खुद को छात्रा का रिश्तेदार बताया और छुट्टी दिलाने की कोशिश की। लेकिन स्कूल प्रबंधन की सतर्कता और परिजनों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधरनगर क्षेत्र निवासी व्यक्ति को शनिवार को उसकी पुत्री के स्कूल से कॉल आया कि एक युवक खुद को रिश्तेदार बताते हुए छात्रा को ले जाने आया है। पिता तुरंत स्कूल पहुंचे, जहां बालिका ने बताया कि पिछले चार दिनों से वह युवक इंस्टाग्राम पर उससे संपर्क में था और चैटिंग के जरिए मिलने का दबाव बना रहा था। पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर चक्रधरनगर थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता देखते हुए तत्काल कार्रवाई की।

आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त — न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 497/2025 धारा 78(2) एवं 333 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। जांच में आरोपी की पहचान आशीष भगत पिता मोहन भगत, उम्र 25 वर्ष, निवासी केलो विहार, थाना चक्रधरनगर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया
इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साइबर सतर्कता और बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर अभिभावकों की निगरानी बेहद आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *