
दुर्ग। शहर के गंजपारा चौक में बीती रात गुपचुप बेचने वाले एक युवक पर दो युवकों ने चाकू से हमला कर सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, गौलीपारा कांग्रेस भवन के पीछे रहने वाला अनिल वर्मा पिता करोडे वर्मा (25 वर्ष) रोजाना गेट नंबर 2 के पास गुपचुप बेचने का काम करता है। सोमवार रात करीब 10.30 बजे दो युवक वहां पहुंचे और उससे पापड़ी मांगने लगे। उस समय अनिल अन्य ग्राहकों को गुपचुप परोस रहा था, इसलिए उसने कहा कि 5 मिनट में दे देगा। यह बात सुनकर एक युवक भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे चाकू से अनिल की छाती पर वार कर दिया। वार इतनी तेजी से किया गया कि अनिल जमीन पर गिर पड़ा और वहां अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद अनिल के दामाद दीपक वर्मा ने उसे बचाने की कोशिश की, तो दूसरे युवक ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घायल अनिल को रिश्तेदारों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी टीम सहित अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से पूछताछ की। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। जांच टीम आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान हो गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
