व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश, परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्र देखने की अपील
समय से पहले केंद्र पहुँचने और पहचान सत्यापन की अनिवार्यता
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने आगामी परीक्षाओं के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अवश्य कर लें। मंडल का कहना है कि इससे विद्यार्थियों को परीक्षा वाले दिन किसी तरह की असुविधा या भ्रम की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है, जिससे फ्रिस्किंग व फोटोयुक्त पहचान पत्र से सत्यापन सुचारू रूप से हो सके।
11:30 बजे बंद हो जाएगा मुख्य द्वार, 12 बजे से परीक्षा शुरू
मंडल के अनुसार, परीक्षा समय के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में सभी परीक्षा केंद्रों को स्पष्ट निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
पहनावे पर कड़े नियम, गहरे रंग के कपड़े वर्जित
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं काला, गहरा नीला, गहरा हरा, जामुनी, मैरून, बैगनी और गहरा चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
केवल साधारण बिना पॉकेट वाला स्वेटर पहनने की अनुमति है, लेकिन सुरक्षा जांच के समय इसे उतारकर जांच करवाना अनिवार्य होगा।
धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, ताकि अतिरिक्त सुरक्षा जांच पूरी की जा सके।
ज्वेलरी, बेल्ट, घड़ी, बैग सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित
जारी निर्देशों के अनुसार, परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, पर्स, पाउच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ आदि किसी भी प्रकार की सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
कान में किसी भी प्रकार के आभूषण की अनुमति नहीं दी जाएगी और फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनकर ही केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
अनुचित साधनों पर कठोर कार्रवाई, केवल बॉल पेन की अनुमति
मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में सिर्फ काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी।



