सड़क पर गंदगी फैलाने वालों पर 15 हजार रुपए जुर्माना
रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ ने बुधवार को शहर में स्वच्छता अभियान के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए कई क्षेत्रों में निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर कचरा फेंकने, गंदा पानी बहाने और निर्माण सामग्री सड़क पर रखने वालों पर जुर्माना ठोका गया। निगम की कार्रवाई का सबसे बड़ा मामला सुभाष चौक स्थित आलोक ड्रेसेस का सामने आया, जहां दुकान संचालक को सड़क पर कचरा फेंकते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया। निगम टीम ने तत्काल मौके पर ही उस पर 5000 रुपए का जुर्माना लगाया। इसी तरह एकार्ट होटल के प्रबंधन द्वारा सड़क पर गंदा पानी बहाने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए होटल प्रबंधन पर भी 5000 रुपए का दंड लगाया गया।
निर्माण सामग्री सड़क पर रखने वालों पर भी कार्रवाई
राधाकृष्ण मंदिर के पास लखन ठाकुर पर लगा जुर्माना
स्वच्छता अभियान के दौरान निगम टीम ने कोतरा रोड स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मकान मालिक लखन ठाकुर द्वारा सड़क पर रेत और गिट्टी फैलाकर रखी जाने की पुष्टि हुई। निगम ने इसे सार्वजनिक असुविधा और नियम उल्लंघन मानते हुए उन पर 5000 रुपए का जुर्माना ठोका। तीनों मामलों में निगम ने कुल 15 हजार रुपए की वसूली की।
सीसी कैमरों से हो रही निगरानी, निगम ने दी चेतावनी
आयुक्त बोले—सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी बर्दाश्त नहीं
निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि शहर के सभी मुख्य चौक, चौराहों और बाजार क्षेत्रों में सीसी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क पर कचरा फेंकने या निर्माण सामग्री रखने वालों पर जुर्माना के साथ आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम की इस सख्ती से शहरवासियों में संदेश गया है कि स्वच्छता नियमों का पालन अब अनिवार्य है।



