
रायगढ़, 12 अक्टूबर 2025।
त्योहारों के मौसम में नकदी लेन-देन की परेशानी झेल रहे व्यापारियों और ग्राहकों के लिए राहतभरी खबर है। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़, रायगढ़ इकाई की पहल पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रायगढ़ मुख्य शाखा में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों का वितरण आगामी मंगलवार, 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शुरू किया जाएगा।
इस संबंध में चेंबर अध्यक्ष गोपी सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष मनोज बेरीवाल और प्रदेश मंत्री शक्ति अग्रवाल ने बैंक के मुख्य प्रबंधक से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्या पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में यह सुझाव दिया गया कि बैंक में विशेष काउंटर स्थापित कर व्यवस्थित रूप से सिक्कों का वितरण किया जाए। बैंक प्रबंधन ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए आवश्यक तैयारी शुरू कर दी है।
चेंबर पदाधिकारियों ने बताया कि इस वितरण के दौरान ₹1, ₹2, ₹5, ₹10 और ₹20 के सिक्के उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक फर्म या व्यवसायी को अधिकतम पाँच हजार रुपये तक के सिक्के दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान छोटे सिक्कों की किल्लत के कारण बाजार में लेन-देन बाधित हो जाता है, ऐसे में यह पहल व्यापारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
चेंबर ने सभी व्यापारियों और कारोबारियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ लें और अपने व्यापार को सुचारू रूप से आगे बढ़ाएँ।
– छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़, रायगढ़ इकाई
