रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बाइक सवार दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 11 नवंबर की दोपहर करीब 3:55 बजे आईटीआई कॉलेज घरघोड़ा के सामने हुई। ग्राम भेडरा निवासी परदेशी निषाद के 14 वर्षीय बेटे ज्वाला निषाद और भतीजी पदमनी निषाद (कक्षा शिशु मंदिर की छात्रा) घरघोड़ा से लौट रहे थे। दोनों बाइक के साथ सड़क किनारे खड़े थे, तभी सामने से आ रही स्कोडा कार (CG 10 FA 8602) के चालक ने गाड़ी को तेज और लापरवाही से चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी। हादसे में ज्वाला के सिर, सीने, पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पदमनी को सिर और सीने में गहरी चोट लगी। दोनों को तत्काल CHC घरघोड़ा ले जाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया।

दोनों को रायगढ़ और रायपुर किया गया रेफर, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे और बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए ज्वाला को आरएल अस्पताल रायगढ़ तथा पदमनी को मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया। दोनों का उपचार जारी है। शिकायतकर्ता परदेशी निषाद ने इलाज जारी रहने के कारण रिपोर्ट छह दिन बाद 16 नवंबर को दर्ज कराई। पुलिस ने स्कोडा कार चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 125(a) और 281 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाया गया, जिससे यह गंभीर दुर्घटना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *