रायगढ़। शनिवार शाम शहर के व्यस्त केवड़ाबाड़ी चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधा डिवाइडर से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, क्योंकि यह चौक शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में से एक है। गनीमत रही कि वाहन के सामने कोई राहगीर या दोपहिया नहीं था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर बहाल किया।
सरकारी वाहन बताया जा रहा है, “तहसीलदार” की प्लेट लगी थी
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल कार एक इलेक्ट्रिक वाहन थी, जिसका नंबर CG 13 AT 7210 बताया गया है। वाहन के आगे “तहसीलदार” की प्लेट और पीछे “छत्तीसगढ़ शासन” लिखा हुआ था, जिससे यह चर्चा फैल गई कि कार किसी सरकारी अधिकारी की है। लोगों ने बताया कि तेज गति के कारण चालक ने मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर से जा टकराया। वाहन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में रफ्तार से मचा हड़कंप
केवड़ाबाड़ी चौक आमतौर पर शाम के समय अत्यधिक भीड़भाड़ वाला क्षेत्र रहता है। ऐसे में सरकारी पहचान वाली तेज रफ्तार कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से लोगों में रोष देखा गया। नागरिकों ने कहा कि जब सरकारी वाहन ही ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करेंगे तो आम जनता पर क्या असर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने बताया कि वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।


