रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम छोटे मुड़पार स्थित शासकीय हाई स्कूल में शुक्रवार को छात्रों के मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। कक्षा 9वीं के छात्रों उमेश दास महंत और रूद्र कुमार पटेल के बीच हुए झगड़े के बाद मामला इस कदर बढ़ गया कि एक छात्र के परिजन विद्यालय पहुंच गए और शिक्षकों से गाली-गलौच व मारपीट करने लगे। स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों — धरम सिंह सिदार, राजेश महंत और हितेश महंत — को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
“शिक्षक को जान से मारने की धमकी” — प्राचार्य ने बचाई स्थिति
जानकारी के अनुसार, झगड़े की सूचना मिलने पर प्राचार्य ने दोनों छात्रों को अपने-अपने अभिभावकों को बुलाने को कहा। रूद्र कुमार के परिजन नहीं आए, लेकिन उमेश दास महंत के परिजन स्कूल पहुंचते ही अतिथि शिक्षक सनत कुमार पटेल पर जान से मारने की धमकी देते हुए अभद्र व्यवहार करने लगे। शोर सुनकर प्राचार्य मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। लेकिन कुछ देर बाद आरोपी फिर से स्कूल लौटे और कक्षा में घुसकर छात्र रूद्र कुमार को जबरन बाहर ले जाने लगे।
शिक्षकों से हाथापाई, पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज किया
मौके पर मौजूद शिक्षकों अजय भारद्वाज और सनत पटेल ने जब आरोपियों को रोका, तो उन्होंने शिक्षकों से ही हाथापाई शुरू कर दी। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। घटना की जानकारी मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल प्रबंधन की लिखित शिकायत पर बीएनएस की धारा 132, 221, 296, 3(5), 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे शिक्षा के माहौल पर हमला बताते हुए शिक्षकों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।




