रायगढ़ जिले में बढ़ती बाइक चोरी की वारदातों के बीच तमनार पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2025 को थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोहड़ीडीपा तमनार के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोहड़ीडीपा में दबिश दी, जहां एक युवक मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम गजानंद राठिया बताया, लेकिन वाहन के संबंध में गोलमोल जवाब देने पर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने चोरी की बाइक होने की बात स्वीकार कर ली।

साथियों के साथ मिलकर करते थे बाइक चोरी
तीन स्थानों से उठाईं मोटरसाइकिलें, पुलिस ने किया खुलासा

मुख्य आरोपी गजानंद राठिया ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों रूपेश राठिया और मिथिलेश राठिया के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। यह गिरोह उरबा, लारीपानी और पूंजीपथरा क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करता था और बाद में उन्हें बेचने की कोशिश करता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं, जिनमें पल्सर 125 सीसी (क्रमांक CG 13 AP 2420) भी शामिल है, जो ग्राम उरबा से चोरी की गई थी। इस मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 267/2025 धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपियों की संलिप्तता जिले में घटित अन्य चोरी की घटनाओं से भी जुड़ सकती है।

तमनार पुलिस की टीम को मिली सराहना
अन्य मामलों में पूछताछ और जांच जारी

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, आरक्षक विपिन पटेल और अमरदीप एक्का की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब तीनों आरोपियों के आपराधिक रिकार्ड की जांच कर रही है और उनसे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में —
01. गजानंद राठिया (28 वर्ष) पिता मोहित राठिया
02. रूपेश राठिया (19 वर्ष) पिता विष्णु राठिया
03. मिथिलेश राठिया (20 वर्ष) पिता महेत्तर राठिया
तीनों आरोपी ग्राम बनेकेला, थाना लैलुंगा, जिला रायगढ़ के निवासी हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान जिले में हाल ही में हुई बाइक चोरी की कई घटनाओं से पर्दा उठ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *