किराना दुकानदार की गैरमौजूदगी में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
रायगढ़। लाल टंकी बस स्टैंड रोड रायगढ़ निवासी संजय शर्मा पिता जगदीश शर्मा की गैरमौजूदगी में ग्राम नवापारा (टेंडा) स्थित उनकी किराना दुकान में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। प्रार्थी संजय शर्मा ने बताया कि वह पिछले 35 वर्षों से नवापारा (टेंडा) में मकान बनाकर किराना दुकान का संचालन कर रहा है। दिनांक 27 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर रायगढ़ गया था।
तेल, साबुन, सिगरेट से लेकर नकदी तक उड़ाए चोरों ने
तीन दिन बाद 30 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे जब वह वापस लौटा तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। अज्ञात चोर दुकान में घुसकर तेल, साबुन, सिगरेट, ड्राईफ्रूट, पूजा उपयोग की मूर्तियां, चांदी का सिक्का सहित लगभग 30 हजार रुपये का सामान और गद्दे के नीचे रखे 45 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। कुल नुकसान करीब 75 हजार रुपये का हुआ है।
थाने में रिपोर्ट दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
संजय शर्मा ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी और परिवार से राय-मशविरा कर 3 नवंबर को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रार्थी की मौखिक रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। फिलहाल अज्ञात चोरों की तलाश जारी है और पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है।


